- मोरटा की हम-तुम रोड का मामला, आधी सड़क के गड्ढे खुद भरवाएंगे निवासी
- लोगों का आरोप वोट की राजनीति के कारण नहीं बन पा रही सड़क

गाजियाबाद। मोरटा स्थित हम-तुम रोड की 1.7 किमी लंबी सड़क के गड्ढे लोगों के लगातार विरोध प्रदर्शन और ब्लक में ऑनलाइन शिकायत के बाद जीडीए ने आधी सड़क के भरवा दिए, बाकी में गड्ढे जस के तस बने हुए हैं। लोग इसे अपने जुटाए चंदे से बनवाने का प्रयास कर रहे हैं।

जीडीए के प्रयास के बाद ही हम-तुम रोड के निवासियों को अभी तक राहत नहीं मिली है। जीडीए ने आधे में गिट्टी और मिट्टी डलवा दी और उस पर रोलर चलवा दिया लेकिन लोगों का कहना है कि तेज हवा चलने पर यह मिट्टी उड़कर आंखों में जा रही है। बाकी कुछ हिस्से के गड्ढे पाटे गए हैं। अन्य का हाल बदहाल ही है।
हम तुम फोरम के बैनर तले जुटाए गए चंदे से अब इसे भरवाने का प्रयास किया जा रहा है। मुरारीलाल शर्मा का कहना है कि विधायक से विधायक निधि से मोरटा गांव की सड़क तो बनवा दी, क्योंकि वहां 15 हजार वोटर हैं, लेकिन हमारी सातों सोसायटी में केवल दो हजार वोटर ही हैं, वोट की राजनीति के कारण यह सड़क नहीं बन पा रही है। आधी में गिट्टी डलवाकर जीडीए ने हाथ जोड़ लिए। अब कहा कि पूरी सड़क ही प्रक्रिया पूरी होने के बाद बनेगी। अब हम कहां जाएं। हमने 30 हजार रुपये का चंदा इकट्ठा किया है। एक निवासी ने काम शुरू होने पर 50 हजार रुपये देने का वादा किया है। इस प्रकार कुल 80 हजार मानकर चल रहे हैं। गड्ढे और फिर तारकोल लगवाने में डेढ़ से दो लाख का खर्च आएगा, देखते हैं। जल्द ही इस संबंध में बैठक बुलाकर निर्णय लिया जाएगा। अब खुद ही निर्माण कराने का प्रयास है। निवासी अनिल शर्मा का कहना है कि हम तो राजनीति के शिकार हो रहे हैं। हमारी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। फोरम के मनजीत सिंह का कहना है कि अब खुद ही बनवाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द निर्णय होगा। निवासी राघवेंद्र का कहना है कि पूरे गड्ढे भर जाते तो हम तारकोल करवा लेते, अब अधूरे काम के कारण बीच में अटक गए। अब फोरम के तहत ही एकजुट होकर फैसला लिया जाएगा।