-चुनाव अधिकारी नियुक्त, पर अभी तक नहीं किया कालातीत बोर्ड सदस्यों से संवाद
- फर्स्ट ऑनर और सेकेंड ऑनर पर भी अटकी है सुई

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन सोसायटी में चुनाव अधिकारी नियुक्त किए जाने के बाद भी एओए चुनाव अभी तक नहीं हो सके हैं। निवासियों ने इसकी शिकायत डिप्टी रजिस्ट्रार से की है। उधर नियुक्त चुनाव अधिकारी ने अभी तक कालातीत बोर्ड सदस्यों से कोई संवाद नहीं किया है।
शिकायतकर्ता सुदीप द्विवेदी ने बताया कि एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) का कार्यकाल 7 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुका है, इसके बावजूद नई कार्यकारिणी के गठन के लिए समयबद्ध चुनाव नहीं कराए गए। समय पर चुनाव न कराने का दोषी मानते हुए डिप्टी रजिस्ट्रार ने अध्यक्ष को कालातीत घोषित कर दिया और राजेश तेवतिया को चुनाव अधिकारी नियुक्त कर दिया। इसके बावजूद अभी तक चुनाव नहीं हो सके हैं। सोसायटी की आम सभा ने गठित आंतरिक चुनाव समिति के काम में भी कालातीत अध्यक्ष राहुल सिंह और कालातीत सचिव रवि ओझा ने रोड़ा अटकाया और समिति भंग कर दी। बोर्ड चुनाव की लोकतांत्रिक प्रक्रिया रोकने के लिए नामित अधिकारी को जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा रहा है। इस कारण चुनाव नहीं हो रहे हैं। इस संबंध में कालातीत सचिव रवि ओझा का कहना है कि चुनाव समिति ने फर्स्ट ऑनर पर चुनाव कराने की सहमति दी थी, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के कारण इसके भंग कर दिया गया। चुनाव अधिकारी ने अभी तक कोई बैठक नहीं की। अपने एक अधीनस्थ के माध्यम से वोटर लिस्ट जरूर मांगी लेकिन अभी तक यह साफ नहीं किया कि चुनाव फर्स्ट ऑनर के आधार पर होंगे या फर्स्ट व सेकेंड दोनों ऑनर के साथ में। अगर यह बात क्लियर हो जाए तो उसी आधार पर वोटर लिस्ट दी जाए। पिछली बार डिप्टी रजिस्ट्रार ने फर्स्ट ऑनर पर चुनाव कराए थे, बॉयलॉज के अनुसार यही नियम है, लेकिन चुनाव अधिकारी ने स्थिति स्पष्ट नहीं की, इस कारण काम रुका हुआ है। यहां 1800 फ्लैट हैं, जिसमें 1300 मतदाता (फर्स्ट ऑनर) हैं। डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव कुमार का कहना है कि चुनाव अधिकारी काफी समय पहले नियुक्त किया जा चुका है। चुनाव क्यों लेट हो रहे, यह देखा जाएगा।