आधार कार्ड : ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट फुल, ऑफलाइन टोकन के लिए मांगे जा रहे 300 रुपये
-बीएसएनएल ने जारी की मेल, इस पर शिकायत करें
- इस साल नया टेंडर देकर शुरू की गई है फ्रेंचाइजी
- ऑनलाइन टोकन इस महीने फुल, लोग परेशान
गाजियाबाद। आधार कार्ड बनवाने या अपडेट कराने के लिए लोग बेहद परेशान हो रहे हैं। जहां ऑनलाइन टोकन इस महीने का फुल दिखा रहा है, वहीं ऑफलाइन टोकन के लिए 300 रुपये मांगे जा रहे हैं। बीएसएनएल ने शिकायत के लिए मेल जारी किया है।
राजनगर स्थित बीएसएनएल कार्यालय में जनसुविधा केंद्र में आधार कार्ड सेंटर खोला गया है। नए टेंडर के बाद हाल ही में इसे संचालित किया जाना शुरू किया गया है। पहले यह केंद्र एक छोटे से कमरे में चल रहा था, लेकिन यहां तीन मशीन होने के बाद भी लोगों की लंबी लाइन लग रही है। लोगों से ऑनलाइन टोकन लेने के बाद आने के बाद कहा जा रहा है लेकिन लोगों की परेशानी यह है कि इस पूरे महीने टोकन के लिए कोई तिथि नहीं दिख रही है। गोविंदपुरी से आए सुनील कुमार ने बताया कि आधार की साइट नहीं चल रही है और जब यहां क्यूआर कोड स्कैन करके साइट खोली जा रही तो इस पूरे महीने की बुकिंग फुल है। बिटिया के स्कूल में आधार कार्ड मांगा जा रहा है और यहां पूरे महीने की तिथि नहीं है। ऑफलाइन टोकन नहीं दिए जा रहे हैं। देने के लिए फीस मांगी जा रही है, जबकि टोकन मुफ्त मिलता है। खुद संवाददाता ने जब ऑफलाइन टोकन मांगा तो 300 रुपये का शुल्क मांगा गया। सीएसई पर टोकन देने वाली लड़की ने कहा कि यह निजी सेंटर है, यहां फीस लगती है। राजनगर के ऋषभ ने बताया कि उन्हें अपना आधार अपडेट कराना है, लेकिन यहां पूरे महीने तारीख नहीं है। साइट चल नहीं रही है। ऑफलाइन टोकन दे नहीं रहे हैं। गौर होम्स से आए नवीन ने बताया कि उन्होंने एक हफ्ते पहले टोकन लिया था, उसके बाद भी अंतिम नंबर दिया गया है। दो घंटे से बैठे हैं, अभी 45वां नंबर है। बात, विकसित भारत की हो रही है। ये कैसा विकास है, जहां आम आदमी परेशान है। बीएसएनएल मार्केटिंग एंड एंटरप्राइजेज बिजनेस के एजीएम राहुल भारद्वाज का कहना है कि कई लोगों ने 300 रुपये मांगने की मौखिक शिकायत की, लेकिन किसी ने लिखित में नहीं दिया। किसी को कोई परेशानी आ रही हो तो admkgzb@gmail.com पर शिकायत करे।
बीएसएनएल ने इस फ्रेंचाइजी का टेंडर अपना सिम बेचने के लिए किया है, ताकि लोगों को आधार कार्ड के साथ सिम दिया जा सके। हमारा सिम 290 रुपये का है, जिसके लिए चार्ज लिया जा रहा है लेकिन यह लोग सिम नहीं दे रहे हैं और केवल पैसे वसूल रहे हैं।
रेखा, जनसुविधा केंद्र इंचार्ज, बीएसएनएल
केवल जो सरकारी चार्ज हैं, आधार के लिए वहीं लिए जाने हैं। अगर अलग से कोई पैसा मांगा जा रहा है तो मैं देखता हूं। यह गलत है।
गौरव बंसल, आधार फ्रेंचाइजी मालिक