गाजियाबाद। कोरियल कल्चर से प्रभावित तीन बहनों की खुदकुशी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। बच्चियों के पिता चेतन कुमार ने 16 साल में दो नहीं, तीन शादियां की थीं। चेतन ने लोकलाज के डर से पुलिस को दो बताकर गुमराह किया था। तीसरी पत्नी टीना से कोर्ट मैरिज की थी, वह बच्चों को कोरियन कल्चर से छुटकारा दिलाना और पढ़ाना चाहती थी।
चेतन ने वर्ष 2010 में सुजाता से पहली शादी की थी। इसके बाद वर्ष 2013 में उसकी बहन हिना से विवाह किया। वर्ष 2021 में सीलमपुर निवासी टीना से कोर्ट मैरिज की थी। चेतन का कहना है कि वह अपने चरित्र को लेकर सवालों से बचना चाहता था। उसकी एक प्रेमिका भी थी, जिसकी बालकनी से गिरकर मौत हो चुकी है। बच्चियों की नानी ने बताया कि चेतन के फ्लैट से गिरकर मरी युवती मुस्लिम थी। उसे दामाद प्रेम प्रसंग में घर लाए थे। उसका नाम आंचल उर्फ तब्बू था, जिसकी वर्ष 2018 में बालकनी से गिरकर मौत हो गई थी।
यह हादसा राजेंद्र नगर सेक्टर-2 स्थित शुभधाम अपार्टमेंट के उस फ्लैट में हुआ था, जहां चेतन रहते थे। बताया जा रहा है कि आंचल को चेतन वर्ष 2018 में अपने साथ रहने के लिए घर ले आए थे। इसके बाद से चेतन, उनकी पत्नी सुजाता और हिना के बीच घरेलू कलह शुरू हो गई थी। चेतन के अनुसार एक दिन वह घर से बाहर थे। लौटने पर पता चला कि आंचल ने बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली है। आंचल की मौत के बाद चेतन की पहचान उसकी रिश्तेदार टीना से हुई। वह भी सीलमपुर की रहने वाली है।
दोनों के बीच संबंध बने और टीना गर्भवती हो गई। इसके बाद वर्ष 2021 में चेतन ने टीना से कोर्ट मैरिज कर ली। पुलिस पूछताछ में चेतन ने बताया कि पत्नी सुजाता की सहमति से उसने हिना से शादी की थी। सीलमपुर स्थित ससुराल आने-जाने के दौरान उसकी पहचान वहीं रहने वाली आंचल उर्फ तब्बू से हुई। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। तब्बू के बाद टीना से हुई। 

तीसरी पत्नी ब​च्चियों को कोरियल कल्चर से दूर रखना चाहती थी
तीसरी पत्नी टीना बच्चों को कोरियन कल्चर की लत से दूर कर दोबारा पढ़ाई की ओर ले जाने का प्रयास कर रही थी। उसी के कहने पर चेतन ने एक माह पहले तीनों बेटियों का ट्यूशन लगवाया था। मोबाइल से दूर रहने की बात के कारण बच्चे टीना से बात नहीं करते थे।

अशिक्षित हैं सुजाता और हिना
पुलिस के मुताबिक, सुजाता और हिना अशिक्षित हैं। बेटियों की पढ़ाई-लिखाई पर उनका विशेष ध्यान नहीं था। इसके विपरीत टीना बच्चों को शिक्षित करना चाहती थी। उन्हें मोबाइल पर अधिक समय बिताने से लगातार टोकती रहती थी। टीना को जब बेटियों के कोरियन कल्चर से जुड़ाव की जानकारी हुई तो उसने चेतन से बात की। इसके बाद चेतन ने बेटियों के मोबाइल फोन ले लिए। उनका ट्यूशन लगवाया। ट्यूशन टीचर ने जब शिकायत की कि तीनों बच्चियां वहां भी खुद को कोरियन बताती हैं तो घर में डांट-फटकार का सिलसिला बढ़ गया। 

सोसायटी में ले रखे हैं दो फ्लैट, 35 हजार है किराया
चेतन ने भारत सिटी सोसायटी में दो फ्लैट ले रखे हैं। एक थ्री बीएच के में सुजाता और हिना दूसरे  टू बीएचके में टीना रहती है। दोनों फ्लैट का किराया 35 हजार रुपये है। तीन बेटियों की पढ़ाई बंद कराने के पीछे आर्थिक तंगी का हवाला देने वाले चेतन कुमार के खर्च भारी-भरकम हैं। वह भारत सिटी सोसायटी में सिर्फ रहने के लिए ही हर माह 35 हजार रुपये खर्च करते हैं। इनमें 26 हजार रुपये दो फ्लैट के किराये में जाते हैं। करीब नौ हजार रुपये बिजली बिल व रखरखाव शुल्क है। यहां आए दिन पार्टी होती थी। 

चेतन को फ्लैट करना पड़ सकता है खाली
भारत सिटी सोसायटी में चेतन कुमार के रहने पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताना शुरू कर दिया है। इसके बाद एओए जयप्रकाश ठाकुर ने फ्लैट के मालिकों से बातचीत की है। अंदेशा जताया जा रहा है कि जल्द ही चेतन और उनके परिवार को दोनों फ्लैट खाली करने पड़ सकते हैं। 

लोन एजेंट से शुरू किया काम
पुलिस जांच में सामने आया कि चेतन खजूरी से दिल्ली आए तो लोन एजेंट का काम किया। वह बैंक व फाइनेंस कंपनी से संपर्क कर लोगों को लोन दिलाते थे। बदले में कमीशन लेते थे। इसके बाद वह वाहनों की खरीद-फरोख्त करने लगे। इसमें भी अच्छी कमाई हुई। 
हालात बेहतर हुए तो गाड़ी से चलने लगे, फ्लैट भी खरीद लिया। इसी दौरान दिल्ली के सीलमपुर की सुजाता से शादी की। कुछ वर्ष बाद उनकी बहन हिना से भी शादी कर ली। इसके बाद वक्त ने करवट बदली और चेतन की दोनों गाड़ियां बिक गईं। किराये के फ्लैट में रहने की स्थिति आ गई। पहले वह साहिबाबाद के राजेंद्र नगर में सेक्टर दो स्थित शुभधाम अपार्टमेंट में परिवार के साथ रहे। अपना आधार कार्ड भी इसी पते पर बनवाया। इसके बाद ऑक्सी होम सोसायटी और फिर भारत सिटी सोसायटी में दो फ्लैट किराये पर लिए। 
यहां रहते हुए ही शेयर मार्केट में दो करोड़ रुपये फंसने और लगभग 30 लाख रुपये का कर्ज होने की बात सामने आई। जिसकी जांच चल रही है।

एक फ्लैट 12 तो दूसरा 14 हजार रुपये में लिया था
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि करीब तीन वर्ष पहले चेतन ने वर्ष 2022 में भारत सिटी सोसायटी के सी-2 टॉवर में टू बीएचके फ्लैट 12 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर लिया था। इसमें वह तीसरी पत्नी टीना और सबसे छोटी बेटी देबू के साथ रहता था। यहीं से शेयर ट्रेडिंग का काम भी संभालता था।