भूमि अधिग्रहण का काम अधूरा होने के कारण अटका है हम-तुम रोड का काम
- अधिकारी नहीं ले रहे सुध, 15 हजार निवासी परेशान
- जिलाधिकारी से मिले, सड़क न बनने तक मरम्मत करने की मांग
- अधिकारी बोले, बोर्ड बैठक में रखा जाएगा प्रस्ताव, जल्द बनेगी सड़क
गाजियाबाद। हम-तुम रोड की बदहाली को लेकर 15 हजार निवासी बेहद परेशान हैं। धरना, प्रदर्शन, शांति मार्च, अधिकारियों के चक्कर लगा-लगाकर परेशान हो चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। भूमि अधिग्रहण का काम अधूरा होने के कारण मामला अटका पड़ा है। इसके प्रस्ताव को इस बार बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। जिसके बाद ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो पाएगा।
महक जीवन सोसायटी निवासी मुरारी लाल शर्मा का कहना है कि इस सड़क की बदहाली से हम बेहद परेशान हैं। एक तो पतली सड़क, ऊपर से बड़े-बड़े गड्ढों में गिरकर आए दिन कोई न कोई चोटिल हो रहा है। अधिकारियों से मिलकर और पत्र लिख-लिखकर हम परेशान हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को भी निवासी जिलाधिकारी से मिले और सड़क न बनने तक मरम्मत करने की मांग की। फिलहाल कोई हल निकलता नहीं नजर आ रहा। जब सोसायटी बनी थी, तभी जीडीए ने इसके नक्शे की सही जांच की होती को निवासी खुद को ठगा महसूस न करते। उन्हें यह दिक्कत न झेलनी पड़ती। 24 मीटर कहकर सात मीटर की सड़क दी गई।
निलाया ग्रीन्स निवासी मनजीत चौहान का कहना है कि अगर भूमि अधिग्रहण में कोई दिक्कत आ रही है तो इसकी मरम्मत ही करा दी जाए। पहले कराई गई थी, जो तुरंंत ही उखड़ गई। इतनी पतली सड़क पर डंपरों के बीच हम जान हथेली पर रखकर निकल रहे हैं। जीडीए मीडिया प्रभारी रुद्रेश शुक्ला का कहना है कि सड़क की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 10 एकड़ से अधिक भूमि अधिगृहीत की जानी है। अगर इससे कम जमीन होती तो विभागीय स्तर पर फाइनल करके संड़क बना दी जाती। 10 एकड़ से अधिक की है, इसलिए इसका प्रस्ताव बोर्ड बैठक में रखा जाना अनिवार्य है। 19 फरवरी की बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके बाद जमीन के बैमाने होंगे। इसके बाद काम शुरू हो जाएगा। 24 मीटर की यह सड़क बननी है। इसके लिए 150 किसानों से जमीन अधिगृहीत की जानी है। इसके लिए किसानों की सहमति मिल चुकी है। 100 किसानों के कागज भी पूरे हो चुके हैं। अब केवल बैमाने में जो भी समय लगेगा। इसके बाद इसे बना दिया जाएगा। पहले मरम्मत कराई गई थी, जो उखड़ गई। बार-बार कहां से बजट आएगा। अब सड़क ही बनाई जाएगी। हम लोग प्रक्रिया तेजी से पूरी कर रहे हैं। पहले नक्शे में प्रस्तावित रोड होती थी, इसलिए सड़क की चौड़ाई इतनी कम होगी, पता नहीं चल सका। अब ऐसा नहीं होता।
इसका प्रस्ताव बना लिया गया है। इसे इस बार होने वाली बोर्ड बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद काम शुरू हो जाएगा।
आलोक रंजन, चीफ इंजीनियर, जीडीए
अभी भूमि अधिग्रहण का काम अधूरा है। जिसे पूरा करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसके बाद सड़क बनाने काम शुरू होगा। पहले गिट्टियां डालकर मरम्मत कराई गई थी, पता नहीं वह सब कहां गईं। अब पूरी प्रक्रिया के बाद सड़क ही बनाई जाएगी।
लौकेश कुमार, असिस्टेंट इंजीनियर, जीडीए