गाजियाबाद सुसाइड केस : कोरोना में आए गीत के बाद कोरियन बैंड से प्रभावित हुए बच्चे, इमोशनल गानों से लोगों के दिलों में बनाई जगह
गाजियाबाद। कोरियन इमोशनल ड्र्र्र्रामा से प्रभावित तीन बच्चियों की आत्महत्या के बाद हर माता-पिता के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर कोरियन बैंड, कोरियन कलाकार, कोरियन सीरीज, कोरियन पात्रों से बच्चे कब और कैसे हुए। क्यों उनकी भावनात्मक बातें आज हमारे भारतीय भावनाओं पर भारी पड़ रही हैं। इसका जवाब देने के लिए जब कुछ छात्राओं से बात की तो एक नई तस्वीर निकल कर आई।
12वीं कक्षा की छात्रा शगुन का कहना है कि कोरोनाकाल में आया बीटीएस बैंड के गाने ने दुनियाभर में धूम मचाई। इसके बाद यह बच्चों के बीच बहुत प्रसिद्ध हो गया। ऑनलाइन कक्षा के समय जब बच्चों के हाथ में मोबाइल था तो बच्चे कोरियन सीरीज देखने लगे। तबसे उन्हें कोरियन इमोशनल ड्रामा खूब पसंद आने लगा। लड़कियों का ब्लैक पिंक बैंड भी छात्राओं को खूब भाता है।
16 साल की छात्रा हरीतिमा कहती हैं कि बीटीएस और ब्लैक पिंक बैंड हैं। इनके गाने लड़के-लड़कियों को बहुत पसंद आते हैं क्योंकि यह अधिकतर सामाजिक मुद्दों, युवाओं के संघर्ष और खुद से प्यार करने जैसे विषयों पर केंद्रित होते हैं। यह युवाओं का पसंदीदा विषय है, जिसके कारण वह जुड़ते जाते हैं।
अनिका का कहना है कि उन्हें कोरियन बेव सीरीज बहुत पसंद हैं। यह यूट्यूब पर लाइव चलती हैं। वह प्रतिदिन थोड़ी देर देखती हैं, लेकिन इसकी लत नहीं है। वह कहती हैं कि इनकी सीरीज में भावनात्मक पहलू बहुत मजबूत होता है। पात्र छोटी से छोटी चीजों व बातों का बहुत ध्यान रखते हैं, हमारे यहां की सीरीज में ऐसा नहीं होता। इमोशनली यह सीरीज बहुत प्रभावित करती हैं।
बीटीएस कोरियन लड़कों का बैंड है
बीटीएस, जिसे बैंगटन बॉयज के नाम से भी जाना जाता है। यह दक्षिण कोरिया का एक विश्व प्रसिद्ध 7-सदस्यीय के-पॉप बॉय बैंड है। यह अपने म्यूजिक, डांस और सामाजिक मुद्दों पर आधारित गानों के लिए जाना जाता है। यह अपने गाने खुद लिखते और संगीत तैयार करते हैं, जो अक्सर मानसिक स्वास्थ्य और युवाओं की समस्याओं पर केंद्रित होते हैं। कोरोना काल (2020) में बीटीएस का सबसे हिट गाना डायनामाइट था, जो अगस्त 2020 में रिलीज हुआ।इसी दौरान लाइफ गोज ऑन भी बहुत लोकप्रिय हुआ। ये गाने लॉकडाउन के दौरान लोगों को सकारात्मकता देने के लिए बनाए गए थे, जो लोगों के मन को छू गए।
ब्लैक पिंक लड़कियों का बैंड है
ब्लैक पिंक दक्षिण कोरिया का एक बेहद लोकप्रिय के-पॉप गर्ल ग्रुप है, जिसे 2016 में बनाया गया था। इसमें चार सदस्य हैं। यह समूह अपने गानों हाउ यू लाइक दैट, पिंक वेनम और फैशन के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। ब्लैकपिंक का पहला द एल्बम 2020 में लांच हुआ। यह दक्षिण कोरिया की किसी महिला कलाकार का दस लाख प्रतियां बेचने वाला पहला एल्बम था। अगला एलबम 2022 में आया, जो भी हिट रहा। कोरोनाकाल के समय कोरियन ड्रामा ने लोगों के दिलों में जगह बनाई।