पिछले 60 सालों से नहीं सोया यह शख्स, डॉक्टर भी नहीं जान पाए कारण
एजेंसी। अगर हम एक दिन भी बिना सोए रह जाएं तो आंखे भारी हो जाती हैं और शरीर थकान से चूर हो जाता है। पूरी नींद लेने के बाद ही हम आगे का काम कर पाते हैं। अक्सर शादी-ब्याह में जागने के बाद ऐसा ही होता है, लेकिन वियतनाम के 80 वर्षीय थाई नगोक पिछले 60 सालों से सोए नहीं हैं। वह बिना सोए लगातार काम कर रहे हैं। सोने की लाख कोशिश के बाद भी उन्हें नींद नहीं आती। डॉक्टरों की दवाइयां भी कोई काम नहीं कर पाई और चिकित्सक ना ही इसका कारण जान पाए।
80 साल के इस बुजुर्ग को 1960 के दशक में तेज बुखार के बाद नींद आना बंद हो गई और पिछले 60 सालों से ये एक पल भी नहीं सोए हैं। डॉक्टरों की दवाइयां और हॉस्पिटल के इलाज भी कुछ काम नहीं आए। रात में जब पूरी दुनिया सो रही होती है, तब थाई खेतों में काम करते रहते हैं, क्योंकि चुपचाप बैठना उनके लिए नामुमकिन है।
हैरानी की बात यह है कि बिना नींद के भी यह पूरी तरह तंदुरुस्त हैं। ये 50 किलो वजन उठाकर 4 किलोमीटर आराम से चल लेते हैं। शाम को ये घर की बनी चावल की शराब पीते हैं, जिससे थोड़ी थकान सी तो महसूस होती है लेकिन नींद नहीं आती। कभी-कभार एक-दो घंटे की झपकी मिल जाती है। मेडिकल साइंस के लिए थाई एक पहेली हैं, क्योंकि इतने लंबे समय तक बिना नींद के जीना लगभग असंभव माना जाता है। हॉस्पिटल वाले भी इस अजीबोगरीब हालत की कोई वजह नहीं बता पाए हैं।
एक इंटरव्यू में थाई ने बताया कि यह बहुत तकलीफदेह है। दूसरों को सोते देखता हूं तो जलन होती है। रातों में मैं खेत में निकल जाता हूं, मिट्टी खोदता हूं क्योंकि बैठे रहना बर्दाश्त नहीं होता। अजीब बात है, मैं दूसरों से दोगुना काम करता हूं फिर भी मेरी जिंदगी बिना नींद के खुशहाल नहीं है।