एजेंसी। चीन की कंपनी ने एक ऐसा ऐप बनाया है, जिससे अकेले रहने वालों के बारे में पता चलेगा कि वह जिंदा हैं या दुनिया को अलविदा कह गए। ऐप के बटन को प्रतिदिन दबाना पड़ेगा। भूलने पर परिवार को मैसेज पहुंच जाएगा। सिलेमी नाम का एक ऐप काफी चर्चा में है। 
चाइनीज भाषा के इस नाम का अंग्रेजी अर्थ है, आर यू डेड (क्या तुम मर चुके हो....)। यह ऐप सोलो ट्रैवलर्स, स्टूडेंट्स, सोलो ऑफिस कर्मचारियों और अकेलेपन में रहने वाले लोगों के लिए बनाया गया है।
जब आप बहुत दिनों तक अपने दोस्तों या रिश्तेदारों से दूर रहते हैं। उनको कॉल या मैसेज भी नहीं हैं, तो मिलने पर वो एक ही तंज कसते ​हैं कि जिंदा है या मर गया। इसी के आधार पर इस ऐप का नाम दिया गया है। बहुत से लोग अकेले में रहना पसंद करते हैं, किसी से संपर्क नहीं साधते। ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जब ऐसे लोगों की मौत हुई और किसी को मालूम ही नहीं चला। कई दिनों तक उनकी लाश उनके घर में पड़ी रही। ऐसे लोगों के लिए यह ऐप बनाया गया है। इस ऐप पर अकेले रह रहे लोगों को हर दिन एक बटन दबाना होगा, अगर उन्होंने कुछ दिन इसे नहीं दबाया या भूल गए, तो परिवार को तुरंत एक मैसेज पहुंच जाएगा। चीन की बढ़ती आबादी में अकेलेपन की समस्या बढ़ रही है। इस कारण यह ऐप बहुत फायदेमंद साबित होगा। इसे यूनिवर्सल स्तर पर भी लांच करने की योजना है। तब इसका नाम बदल दिया जाएगा।