26 जनवरी की परेड में शहर के आठ एनसीसी छात्र-छात्राएं चयनित

गाजियाबाद। दिल्ली में 26 जनवरी की परेड के लिए नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) के आठ छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। इसमें 13वीं बटालियन से चार छात्राएं और 37वीं बटालियन से दो छात्र और छात्राओं का चयन किया गया है। यह लोग अब दिल्ली में प्रशिक्षण ले रहे हैं। यह 28 जनवरी तक वहीं रहेंगे।
13वीं बटालियन के एसएम राजेश कुमार ने बताया कि हमारी बटालियन से मुकुंद लाल डिग्री कॉलेज से तनिषा फर्तयाल का चयन सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए और इसी कॉलेज की अदिति चौधरी को परेड के लिए चुना गया है। मुरादनगर के जीएमडी कॉलेज की आंचल का चयन सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए और सेंट थॉमस स्कूल की 10वीं कक्षा की छात्रा अदिति श्रीवास्तव का चयन परेड के लिए हुआ है। उनका कहना है कि सभी कैडेट एक महीने तक दिल्ली में ही रहेंगे। वहीं कैंप चल रहा है। इनका चयन इंटर बटालियन प्रतियोगिता और इंटर ग्रुप प्रतियोगिता के बाद होता है।
37वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर संदीप पांडे का कहना है कि यूपी के कुल 127 कैडेट चुने गए हैं। जिसमें परेड और सांस्कृतिक कार्यकमों में भाग लेने वाले दोनों कैडेट शामिल हैं। शहर से क्रेस्ट डीम यूनिवर्सिटी से वंशिका, पी जैफरसन को परेड के लिए चुना गया है। इसी विश्वविद्यालय के हर्ष सिंह को गॉर्ड ऑफ ऑनर के लिए चुना गया है। शंभू दयाल डिग्री कॉलेज की युक्ता रानी को सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए चुना गया है। सभी सीनियर विंग के विद्यार्थी हैं।