15 घंटे पानी में खड़े होकर छठ का व्रत करती हैं ब्यूटी, सुरक्षा में लगाए गए हैं दो पुलिसकर्मी

दिनेश गोस्वामी
साहिबाबाद। छठ का पर्व हर कोई अपनी श्रद्धा और मन्नत के अनुसार रखता है, इसी क्रम में बिहार के मधुबनी की रहने वाली ब्यूटी झा पूरे 15 घंटे पानी में खड़े होकर यह व्रत रखती हैं। वह राजेंद्र नगर सेक्टर-तीन में आज यानी बृहस्पतिवार को शाम चार बजे से पानी में खड़ी हैं और शुक्रवार सात बजे तक पानी में खड़े होकर व्रत पूरा करेंगी।
ब्यूटी पिछले तीन साल से यह व्रत रख रहीं हैं और हर बार वह 15 घंटे पानी में खड़े होकर ही व्रत पूरा करती हैं। वह कहती हैं कि जब वह पानी में खड़ी होती हैं, तभी कोई मन्नत मांगती हैं, उसके बाद वह जरूर पूरी होती है। कई लोगों ने कहा कि मन्नत पूरी होने के बाद ऐसा किया करो, लेकिन मैं मन्नत मांगने के साथ ही ऐसा करती हूं और बाद में वह जरूर पूरी होती है। वह कहती हैं कि शुक्रवार सुबह तीन बजे से मैं पश्चिम की ओर मुंह फेर लूंगी। सुबह साढ़े छह बजे सूर्य निकलेगा, तभी अर्घ्य देने के बाद सात बजे पानी से निकलूंगी। वह लगातान तीन साल से ऐसा कर रही हैं। वह साहिबाबाद में लाजपत नगर में रहती हैं। वैसे तो ब्यूटी गृहिणी हैं, पर उन्होंने बीसीए किया हुआ है और उनकी धर्म में बहुत आस्था है। उनके जल तप को देखते हुए निगम और प्रशासन की ओर से उनकी सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं। दो पुलिसकर्मी उनकी सुरक्षा में पूरी रात लगाए गए हैं। ब्यूटी चार बच्चों की मां हैं और उनके पति अकाउंटेंट हैं।