गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में गणित में सबसे ज्यादा जिले के बच्चे एक्टिव हैं। हाल ही में लखनऊ में हुई पीएम श्री विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक में जिले में राजकीय इंटर कॉलेज नंदग्राम के नोडल अधिकारी सतीश कुमार गुरहार को सम्मानित किया गया।
बैठक में प्रदेश के तीन नोडल अधिकारी सहित पीएम श्री स्कूलों के 139 प्रधानाचार्यों ने भाग लिया। इस बारे में जानकारी देते हुए नोडल अधिकारी सतीश कुमार गुरहार ने बताया कि समग्र शिक्षा (माध्यमिक) उत्तर प्रदेश और खान एकेडमी के बीच अनुबंध हुआ है। इसके तहत नवीं से 12वीं तक के बच्चों में गणित के प्रति रुचि पैदा करना और उनकी समस्याओं का समाधान निकालना है। गाजियाबाद जिले में खान एकेडमी की कक्षाएं पांच राजकीय स्कूलों कलछीना, टयोड़ी, नंदग्राम, विजयनगर और कुशलिया में चल रहीं हैं। हमारे यहां खान एकेडमी में सबसे ज्यादा बच्चे रजिस्टर्ड हैं और सबसे अधिक सवाल भी पूछते हैं। हमारा जिला प्रदेश में पहले नंबर पर आया है। इसके लिए नोडल अधिकारी को सम्मानित किया गया, साथ ही बेहतर प्रदर्शन के लिए नंदग्राम स्कूल को भी सम्मानित किया गया। इस साल से विज्ञान की कक्षाएं भी स्कूलों में लगाई जाएंगी।