शहर के 5 बड़े मॉल्स पर लगभग 80 लाख यूजर चार्ज बकाया : महापौर

गाजियाबाद। महापौर सुनीता दयाल लगातार शहर में व्यावसायिक सम्पतियों की निगरानी स्वयं कर रही हैं। जिससे गृहकर में हो रही अनियमितता और टैक्स चोरी पर रोक लग सके और निगम का रेवन्यू भी बढ़ सके। इसी क्रम में महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि शहर के 5 बड़े मॉल्स पर करीब 80 लाख रुपये यूजर चार्ज के बकाया हैं। उन पर निगम अधिकारियों का ध्यान नहीं है।
गाजियाबाद नगर निगम डोर टू डोर कूड़ा संग्रहण का कार्य करता है। जिसके लिए यूजर चार्ज शुल्क लेता है। ऐसे ही बड़े-बड़े प्रतिष्ठानों से भी बल्क में कूड़ा निकलता है, जिसके लिए भी नगर निगम यूजर चार्ज की रकम वसूल करता है लेकिन देखने में यह आया है कि बड़े-बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से यूजर चार्ज वसूल नहीं किया जा रहा है। जिससे नगर निगम को रेवन्यू लॉस हो रहा है, जबकि नगर निगम सीमाक्षेत्र में यूजर चार्ज कलेक्ट करने के लिए स्पैरो सॉफ्टटेक कम्पनी को कार्य दिया गया था। वह भी शहर में रिवेन्यू कलेक्ट नहीं कर पा रही है। नगर निगम के जोनल कार्यालयों में भी यूजर चार्ज जमा होता है, लेकिन इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से रेवेन्यू लेने के लिए कोई ध्यान नहीं दे रहा है। महापौर ने बताया कि मैं टैक्स को लेकर बहुत चिंचित हूं, जो पैसा नगर निगम के खाते में जाना चाहिए, वह नहीं जा रहा है। इसमें घोर लापरवाही बरती जा रही है। जल्द ही इस पर योजना बना कर कार्रवाई तेज की जाएगी।
किस मॉल पर कितना बकाया
1. दुबई मॉल पर 6 लाख बकाया
2. गौर मॉल पर 12 लाख बकाया
3. चौधरी मॉल पर 12 लाख बकाया
4. ओपयूलेंट मॉल पर 30 लाख बकाया
5. वर्ल्ड स्कवाईर मॉल पर लगभग 15-20 लाख रुपये बकाया हैं।