नई दिल्ली । दिल्ली में काँग्रेस के अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली के बयान पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने हैरानी व्यक्त की है।
गोयल ने कहा दिल्ली में लोक सभा कि सीटों पर आम आदमी पार्टी लगातार कांग्रेस को बेइज्जत कर रही है, फिर भी अरविन्दर सिंह लवली आम आदमी पार्टी के पीछे दौड़ रहे हैं।  जो आम आदमी पार्टी कांग्रेस के भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सत्ता में आई थी और इसी आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ 370 पेज कि FIR करवायी थी और उन्हें जेल भेजने की बात कही थी। उसी से गठबंधन की बात हो रही है।
गोयल ने कहा कि गिरावट की हद होती है, कांग्रेस के अध्यक्ष लवली उसी आम आदमी पार्टी से दिल्ली के लोकसभा चुनाव में समझौता करने की बात कर रहे हैं। यदि आम आदमी इतनी अच्छी है तो अरविन्दर सिंह लवली को केजरीवाल की पार्टी में शामिल हो जाना चाहिए।
कल तक कांग्रेस भी आम आदमी पार्टी के एक-एक भ्रष्टाचार गिनवा रही थी, चाहे वह मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल का शीश महल हो, शराब या जल बोर्ड घोटाला हो। आम आदमी पार्टी रोज कांग्रेस को ठेंगा दिखा रही है और कांग्रेस अध्यक्ष लवली,लगता है पूरी अपनी पार्टी आम आदमी पार्टी को बेच देना चाहते हैं।
गोयल ने कहा दोनों पार्टियां भारी भ्रष्टाचार में डूबी हैं और दोनों ने अपने-अपने राज में दिल्ली को खूब लूटा  है और अब चोर-चोर मौसेरे भाई का खेल, खेल रहे हैं।
गोयल ने अजय माकन और संदीप दीक्षित की चुप्पी पर भी हैरानी व्यक्त की।  गोयल ने चुनौती दी, दोनों पार्टियां अगर मिलकर भी चुनाव लड़ लें तो भी दिल्ली की सातों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विजयी होंगी।