बांका के युवक का साहिबगंज में गोलियों से भूनकर हत्या, कुंडी तोड़कर घर में घुसे बदमाश

साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर आईओडब्लू विभाग में कार्यरत राजकुमार चंदन का शव सोमवार रात उसके घर से बरामद किया गया। गोली लगने से उसकी मौत हुई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
रात डेढ़ बजे के करीब गोली चलाई गई
राजकुमार चंदन मूल रूप से बांका जिले के मंदार हिल रेलवे स्टेशन के पास का रहने वाला था। पत्नी व दो बच्चों के साथ वह रेलवे कालोनी में रहता था।
पत्नी रिंकू देवी ने बताया कि रात आठ बजे के आसपास खाना खाकर वे लोग सो गए। पति बाहर वाले कमरे में थे, जबकि वह बच्चों के साथ अंदर वाले कमरे में थी। रात डेढ़ बजे के आसपास उसने गोली चलने की आवाज सुनी।
इसके बाद वह अपने कमरे से निकलकर आई तो देखा की पति को किसी ने गोली मार दिया है। उनकी सांसें चल रही थीं। इसके बाद उसने शोर मचाया।
पत्नी ने घर के बाहर दो को भागते देखा
बाहर निकली तो घर के पास दो लोगों को भागते देखा। हालांकि, वह उन्हें पहचान नहीं सकी। उसने बताया कि घर की कुंडी बाहर से थोड़ा धक्का देने पर खुल जाता था।
सूचना मिलने के बाद नगर थाने की पुलिस रात में ही पहुंची और पति को सदर अस्पताल ले गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस उसके स्वजनों के आने का इंतजार कर रही है। मृतक का दो बेटा है। दोनों की एक की उम्र छह साल तो दूसरे की आठ साल के करीब होगी।